
हाथरस 09 सितम्बर। नवम राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर विकास भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अपनी-अपनी परियोजनाओं में सर्वाधिक फॉर्म भरवाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सर्वाधिक फॉर्म भरवाने पर बाल विकास परियोजना अधिकारी हाथरस ग्रामीण सोनी कुमारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सिकन्दराराऊ कल्पना दुबे को भी सम्मानित किया गया। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बढ़े हुए मानदेय पर बधाई देते हुए कहा कि नवम राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान निर्धारित थीम के आधार पर दैनिक गतिविधियों का आयोजन किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को पोषण अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषण थालियां वितरित करने के साथ ही शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि पोषण अभियान एक बहुविभागीय कन्वर्जेंस अभियान है, जिसके तहत प्रधानमंत्री के विजन ‘सुपोषित भारत’ यानी कुपोषण मुक्त भारत के उद्देश्य से नवम राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 8 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस वर्ष इसकी अवधारणा ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है। इसका उद्देश्य पोषण, देखभाल एवं बाल विकास से जुड़ी सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र में आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थापित करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति सामूहिक स्वामित्व एवं जवाबदेही को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि पोषण माह पांच प्रमुख थीम पर आधारित है, जिनमें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत नगद हस्तांतरण शामिल हैं। पोषण माह के दौरान दिवसवार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और भारत सरकार द्वारा विकसित जन आंदोलन पोर्टल पर उनकी फीडिंग भी की जाएगी। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सीडीपीओ एवं मुख्य सेविकाओं से अधिक से अधिक गतिविधियों को पोषण अभियान के पोर्टल पर फीड करने तथा अभियान के लक्ष्यों को सभी लाभार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका गौतम ने किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।













