
हाथरस 29 अक्टूबर ।थाना हाथरस गेट क्षेत्र के जेपी तिराहा स्थित नगला अलगर्जी में अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए सोने के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित रोशनलाल के मुताबिक, वह परिवार सहित घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर से जेवरात व 30 हजार रुपये गायब थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
रोशनलाल ने थाना हाथरस गेट में दी तहरीर में बताया कि 19 अक्टूबर को वह अपनी बड़ी बेटी मधु पत्नी दुर्गेश कुमार के यहां गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार सहित गया था। उनकी बेटी फूल नगर कॉलोनी, इगलास अड्डा में रहती है। 28 अक्टूबर को जब वह वापस अपने घर लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था और घर में रखी दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के टॉप्स और 30 हजार रुपये नकद गायब थे।
पीड़ित ने आशंका जताई कि अज्ञात चोर ताला तोड़कर घर में घुसे और जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






