
हाथरस 29 अक्टूबर । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र की एक महिला ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, रिश्तेदारों पर मुकदमे में फैसले के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी गिरीश कुमार निवासी शीतलवाड़ा, हसायन द्वारा संचालित की जा रही है। महिला के मुताबिक, आरोपित के साथ उसका पूर्व से मुकदमा चल रहा है, जिसका अभी निर्णय नहीं हुआ है। आरोप है कि इसी मामले में फैसला कराने का दबाव बनाने के लिए आरोपित उसके रिश्तेदारों को फोन कर रहा है और उन्हें धमकियां दे रहा है। महिला ने जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से उसके पति को उसके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। इससे उसके वैवाहिक संबंध प्रभावित हो रहे हैं और उसे मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






