Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 सितम्बर। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपनी दो बहनों के ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सात माह की गर्भवती बहन के साथ मारपीट में उसके पेट में चोट लगी, जिससे गर्भस्थ शिशु को क्षति पहुंची और उपचार के बाद एक सितंबर 2026 को उसकी मृत्यु हो गई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सलमान कुरैशी के अनुसार उसकी बहन रुकसार और शबाना का निकाह दो दिसंबर 2025 को आगरा के मिढाकुर निवासी दो भाइयों के साथ अर्पण धाम गेस्ट हाउस में हुआ था। आरोप है कि परिवार ने निकाह में करीब 20 लाख रुपये नकद समेत कुल 80 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष कथित रूप से दहेज से संतुष्ट नहीं था और निकाह के अगले ही दिन दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करते हुए दोनों बहनों को घर से निकाल दिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि वैवाहिक जीवन बचाने के लिए परिवार ने कथित रूप से दो लाख रुपये की मांग पूरी कर दी थी। इसका वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया गया है। तहरीर के अनुसार इसके बाद छठी की रस्म के नाम पर पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर पति, सास, ससुर, जेठ, ननद और ननदोई पर दोनों बहनों के साथ गाली-गलौज, मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। सास पर बेटों को भड़काने और दूसरी शादी करने की धमकी देने का भी आरोप है।

तहरीर में मुख्य घटना 30 जून 2026 की बताई गई है। आरोप है कि उस दिन दोनों बहनों के साथ मारपीट की गई और सात माह की गर्भवती शबाना के पेट में लात मार दी गई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और आरोप है कि दोनों बहनों को घर के अंदर बंद कर दिया गया। एक जुलाई को जानकारी मिलने पर भाई और पिता ससुराल पहुंचे, जहां कथित रूप से उनके साथ भी अभद्रता की गई और सभी को घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद शबाना का गणपति अस्पताल में उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि चिकित्सीय जांच के दौरान गर्भस्थ शिशु को क्षति पहुंचने की बात सामने आई। उपचार के दौरान एक सितंबर 2026 को गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो गई। शिकायतकर्ता ने नामजद सभी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कथित वीडियो साक्ष्य को विवेचना में शामिल करने की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page