
हाथरस 20 सितम्बर। पूर्वोत्तर रेलवे ने लालकुआं–बेंगलुरु साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस का दर्जा दे दिया है। शनिवार से यह ट्रेन नए नंबर 15302/15301 के तहत नियमित रूप से संचालित होने लगी है। नियमित ट्रेन का दर्जा मिलने के साथ स्पेशल फेयर समाप्त हो गया है, जिससे यात्रियों के किराये में भी बड़ी कमी आई है। रेलवे के अनुसार एसी इकोनॉमी श्रेणी में न्यूनतम दूरी का किराया पहले 1010 रुपये था, जो अब घटकर 520 रुपये हो गया है। किराये में इस कमी से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी। नियमित एक्सप्रेस के रूप में भी ट्रेन का ठहराव हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर निर्धारित है। ट्रेन लालकुआं से चलकर बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, आगरा, ग्वालियर, झांसी, भोपाल, नागपुर और विजयवाड़ा होते हुए बेंगलुरु सिटी तक जाएगी। इसके नियमित संचालन से हाथरस समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत के लिए सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के पीआरओ सफदर हुसैन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड की ओर से ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस का दर्जा देने का निर्णय लिया गया है। नियमित संचालन और किराये में कमी के बाद लंबी दूरी की यात्रा यात्रियों के लिए पहले की अपेक्षा अधिक किफायती और सुविधाजनक होगी।






