
हाथरस 20 सितम्बर। मेला श्री दाऊजी महाराज के विशाल पंडाल में सोमवार 21 सितंबर को रात्रि 9 बजे से ऑल इंडिया गंगा-जमुनी मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा। साहित्यिक संध्या में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रसिद्ध शायर, कवि एवं कवयित्रियां अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रेम, सौहार्द, भाईचारे, देशप्रेम और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश देंगे। कार्यक्रम में कोटा राजस्थान से कुंवर जावेद, हरदोई से सलमान जफर, लखीमपुर खीरी से विकास सहाय, इंदौर मध्य प्रदेश से राजेंद्र विश्वकर्मा, जमशेदपुर झारखंड से उपासना सिंह, मुरादाबाद से राशिद राहत, लखनऊ से रुबीना अयाज, दिल्ली से डॉ. दीपक कुमार जायसवाल तथा शाजापुर से सुखप्रीत सिंह ‘सुखी’ सहित अनेक प्रतिष्ठित रचनाकार अपनी काव्य एवं शायरी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के संयोजक एवं ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने बताया कि आयोजन को यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि साहित्य और संस्कृति समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसी भावना के साथ दाऊजी महाराज मेले के मंच से प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, साहित्यकारों और शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी। आयोजन को लेकर शहरवासियों और साहित्यप्रेमियों में उत्साह है तथा बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है। चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने हाथरस के सभी साहित्यप्रेमियों एवं नगरवासियों से 21 सितंबर की रात्रि 9 बजे मेला श्री दाऊजी महाराज के विशाल पंडाल में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देशभर से आए रचनाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने के साथ साहित्य और संस्कृति से जुड़ी इस शाम को अपनी उपस्थिति से गरिमा प्रदान करें।






