Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 सितम्बर। जनपद में गोवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधायुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर 21 गौशालाओं में विभिन्न निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों पर लगभग 10 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। इसी क्रम में बुधवार को जनपद की सभी 21 चयनित गौशालाओं में प्रस्तावित निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए भूमि पूजन किया गया। जनपद में वर्तमान में कुल 37 गौशालाएं संचालित हैं। इनमें कई गौशालाओं में पर्याप्त क्षमता और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की कमी को देखते हुए 21 गौशालाओं की क्षमता एवं व्यवस्थाओं को विकसित करने का निर्णय लिया गया है। निर्माण कार्य पूरे होने के बाद संबंधित गौशालाओं में लगभग 500 गोवंश को रखने की अतिरिक्त क्षमता विकसित हो सकेगी। प्रस्तावित कार्यों के तहत आवश्यकता के अनुसार गौशालाओं में वृहद शेड, आइसोलेशन वार्ड, बाउंड्रीवॉल, भूसा गोदाम, केयरटेकर रूम सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। इससे गौशालाओं में गोवंश के लिए आश्रय, चारा भंडारण एवं देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का लक्ष्य है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाएं। उन्होंने कार्यों को एक माह के भीतर पूर्ण कराने के साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें। इस पहल का उद्देश्य गौशालाओं में गोवंश के लिए बेहतर आश्रय, चारा भंडारण, स्वास्थ्य देखभाल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए जनपद की गोवंश संरक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page