
हाथरस 21 सितम्बर। ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के मेला पंडाल में ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम द्वारा राजयोगिनी बीके भावना दीदी के संयोजन में आयोजित ‘एक रात कन्हैया से बात’ कार्यक्रम में भक्ति, अध्यात्म और ब्रज संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। राधे-कृष्ण के भजनों, मनमोहक झांकियों और आध्यात्मिक संदेशों से पूरा मेला पंडाल कृष्ण भक्ति से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय संत एवं महामंडलेश्वर बाल योगी जी महाराज, पूर्व कमिश्नर सीताराम मीणा, कार्यक्रम निर्देशिका राजयोगिनी बीके सीता दीदी, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, कार्यक्रम संयोजिका राजयोगिनी बीके भावना दीदी, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, कार्यक्रम समन्वयक विकास कुमार गौतम तथा सहायक आयुक्त स्टांप हाथरस एवं समाजसेवी डॉ. अविन शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संत एवं महामंडलेश्वर बाल योगी जी महाराज ने कहा कि इंसान को गलत दिशा में जाने से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम सत्संग है। सत्संग व्यक्ति को सही दिशा, अच्छे संस्कार और जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम निर्देशिका राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने कहा कि निकट भविष्य में श्रीकृष्ण की सुंदर दुनिया आने वाली है और उस दुनिया में जाने के लिए हमें अपने संस्कारों को श्रेष्ठ बनाना होगा। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ संस्कार ही श्रेष्ठ दुनिया की नींव हैं।
कार्यक्रम संयोजिका राजयोगिनी बीके भावना दीदी ने कहा कि कन्हैया से बात केवल रात में ही नहीं, बल्कि हर पल और हर समय की जा सकती है। इसके लिए परमात्म ज्ञान और राजयोग का अभ्यास आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज केंद्र पर आकर ज्ञान एवं राजयोग के माध्यम से मन को परमात्मा से जोड़ने की विधि सीखी जा सकती है। पूर्व कमिश्नर सीताराम मीणा ने कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, संस्कार और आपसी प्रेम का संदेश देते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने कहा कि श्रीकृष्ण की भक्ति जीवन में प्रेम, सद्भाव और संस्कारों का संचार करती है तथा ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का माध्यम हैं। ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने ब्रह्माकुमारी बहनों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि जहां अधिकांश लोग अपने परिवार तक सीमित रहकर जीवन जीते हैं, वहीं ब्रह्माकुमारी बहनों ने समाज, मानवता और विश्व कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। कार्यक्रम में वृंदावन से आई सांस्कृतिक टीम ने रास मंडल, मयूर नृत्य, गेंद के अंदर श्रीकृष्ण का मनमोहक नृत्य तथा श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। गीता के उपदेश पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुति ने भी दर्शकों को आध्यात्मिक संदेश से जोड़ा। ब्रज की संस्कृति और भक्ति से सजी प्रस्तुतियों के दौरान पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
मुख्य भजन सम्राट लविन गुप्ता ने अपने भक्ति गीतों से श्रद्धालुओं को कृष्ण भक्ति में सराबोर कर दिया। वहीं रसिक ब्रजवासी ने अपनी टीम के साथ राधे-राधे के मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे मेला पंडाल को राधामय कर दिया। कार्यक्रम में हाथरस के तहसीलदार, मुरसान के पूर्व अध्यक्ष गिरिराज किशोर शर्मा, ग्राम प्रधान रणवीर सिंह, ग्राम प्रधान श्यामवीर सिंह, मेला कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार सिंह, निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल एवं उनकी टीम सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में खुर्जा से बीके नीलम बहन, भरतपुर से बीके प्रवीणा बहन, एटा से बीके मीना बहन, दाऊजी से बीके सीमा बहन तथा टूंडला से बीके विजय बहन सहित दूर-दराज से पहुंचीं ब्रह्माकुमारी बहनों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का कुशल संचालन एडवोकेट अतुल आंधीवाल ने किया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों एवं दूर-दराज से आए सम्मानित जनों को ईश्वरीय उपहार देकर सम्मानित किया गया। ‘एक रात कन्हैया से बात’ कार्यक्रम ने भक्ति, संस्कृति और अध्यात्म को एक सूत्र में पिरोते हुए श्रद्धालुओं को श्रेष्ठ संस्कार, सत्संग और परमात्म स्मृति का संदेश दिया।










