Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 सितम्बर। भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड, नई दिल्ली की ओर से शुक्रवार को एक होटल में भारत ब्रांड सब्जी बीजों की लॉन्चिंग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित और विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक यशपाल सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान करीब 225 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारतीय बीज सहकारी समिति के लीड वेजिटेबल हरिकेश पांडे ने भारत ब्रांड के तहत उपलब्ध विभिन्न सब्जी बीजों की जानकारी देते हुए उनकी विशेषताओं के बारे में उपस्थित लोगों को बताया। वहीं लीड रिटेल धर्मजीत कानूनगो ने बीजों की गुणवत्ता और किसानों के लिए उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने किसानों तक गुणवत्तापूर्ण बीज पहुंचाने और सहकारी समितियों की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया।

जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी ने सहकारी समितियों के माध्यम से बीज उत्पादन से लेकर वितरण तक की व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि समितियों के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए। सहायक आयुक्त सहकारिता आरएस श्रीवास्तव ने भी उपस्थित समिति प्रतिनिधियों को भारत ब्रांड बीजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष आरके वर्मा, भारतीय बीज सहकारी समिति नई दिल्ली के कार्यकारी विपणन अधिकारी उपदेश शर्मा, अजीत कुमार मिश्रा, जोनल कोऑर्डिनेटर अजय तिवारी सहित सहकारी समिति की टीम, विभिन्न समितियों के सचिव एवं निदेशक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय तिवारी ने किया। अंत में हाथरस क्रय-विक्रय सहकारी समिति के संचालक मुकेश चौधरी ने अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page