
प्रयागराज 27 मई । प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में अब खेल प्रतिभाओं को बोनस अंक देने की तैयारी की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस संबंध में प्रस्ताव भेज दिया है, जिसके लागू होने के बाद खिलाड़ियों को परीक्षा में अतिरिक्त अंकों का लाभ मिल सकेगा। जानकारी के अनुसार, बोनस अंक केवल उन छात्र-छात्राओं को दिए जाएंगे जिन्होंने हाईस्कूल या इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने से पहले राज्य, राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया हो या स्थान प्राप्त किया हो। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 5 अंक, राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने पर 7 अंक तथा राष्ट्रीय स्तर पर स्थान प्राप्त करने पर 10 अंक दिए जाएंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 15 अंक और स्थान प्राप्त करने वालों को 20 बोनस अंक मिल सकेंगे। इसके लिए संबंधित खिलाड़ियों को अपने प्रमाण पत्र परीक्षा वर्ष की 31 जनवरी तक जमा कराना अनिवार्य होगा। शिक्षा विभाग की इस पहल को खेल प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Next News :-तीन तलाक एवं मारपीट के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी खुर्जा से गिरफ्तार
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















