
हाथरस 27 मई । महिला थाना में दर्ज तीन तलाक एवं मारपीट के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। एसओजी टीम, थाना सासनी एवं महिला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी सोनू खां को खुर्जा सिटी स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2021 को महिला थाना हाथरस में पीड़िता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 21 अगस्त 2021 को उसके पति, सास-ससुर एवं अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की तथा तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। इस मामले में महिला थाना पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था और आरोपी सोनू खां के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया था। बताया गया कि आरोपी बीते पांच वर्षों से फरार चल रहा था और न्यायालय में निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं हो रहा था। इसके चलते माननीय न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किए गए थे। इसी बीच आरोपी की मां रसीदन पत्नी बहादुर खां ने अपने पुत्र को मृत दर्शाते हुए न्यायालय में वाद दायर किया तथा आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत कर पुत्रवधू पर उसके बेटे की हत्या कर गायब करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना सासनी, महिला थाना, एसओजी एवं सर्विलांस सेल की टीमों को लगाया। लगातार सुरागरसी, पतारसी और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी खुर्जा में छिपकर एक कंपनी में काम कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर खुर्जा सिटी स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Next News :-पुरदिलनगर में 1.37 करोड़ से होंगे विकास कार्य, सड़क-नाली और आरओ प्लांट की मिलेगी सौगात
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















