
सिकन्दराराऊ 22 अगस्त। कासगंज रोड स्थित ममता फार्म हाउस पर चल रहे भव्य श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा का शुभारंभ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने व्यास पीठ का पूजन एवं आरती कर किया। इसके बाद कथा व्यास परम पूज्य श्री श्री श्री 1008 श्री सतगुरु शरण देव जी महाराज, अयोध्याधाम ने भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को त्रिपुरासुर वध एवं जालंधर वध के प्रसंग का भावपूर्ण रसपान कराया। कथा व्यास ने ताड़कासुर के तीनों पुत्रों त्रिपुरासुरों के जन्म, उनकी कठोर तपस्या और प्राप्त वरदान का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि वरदान प्राप्त करने के बाद त्रिपुरासुर अहंकार में चूर हो गए और अत्याचार करने लगे। उनके आतंक से देवता, ऋषि-मुनि और समस्त प्राणी परेशान हो उठे। इसके बाद सभी ने भगवान शिव की शरण ली। धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश के लिए भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का संहार किया।
इसके साथ ही कथा व्यास ने जालंधर वध का भी रोचक एवं मार्मिक प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि जालंधर अत्यंत शक्तिशाली असुर था, लेकिन शक्ति और सामर्थ्य के बावजूद जब वह अहंकार एवं अधर्म के मार्ग पर चल पड़ा तो उसका अंत निश्चित हो गया। भगवान शिव ने जालंधर का वध कर यह संदेश दिया कि संसार में कोई भी शक्ति धर्म और सत्य से बड़ी नहीं हो सकती। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, भक्ति की शक्ति और अहंकार के दुष्परिणामों का सुंदर वर्णन किया गया। कथा व्यास ने श्रद्धालुओं से सत्य, धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कथा के विभिन्न प्रसंगों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और पूरा कथा पंडाल ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। ममता फार्म हाउस पर कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। आगामी कथा प्रसंगों को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। इस अवसर पर आयोजक आकाश दीक्षित सहित दीक्षित परिवार के सदस्य, मुकुल गुप्ता, गिरीश मोहन गुप्ता, विशाल राज चौहान, शास्त्री जी, मयंक उपाध्याय, पंकज पाठक, सत्यप्रकाश शर्मा, राजेंद्र शर्मा, प्रमोद शर्मा, आकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।













