Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 अक्टूबर। अलीगढ़ रोड स्थित गढ़ीतमन्ना के पास नीम कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलोनी से सटे खेत में लगे कटीले तारों में कथित तौर पर करंट उतरने से 12 बंदरों और एक कुत्ते की मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में बंदर कॉलोनी में पहुंच गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग काफी देर तक अपने घरों में ही रहे। जानकारी के अनुसार, नीम कॉलोनी से सटे खेत के कटीले तारों में करंट आने से कई बंदरों और एक कुत्ते की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में बंदर कॉलोनी में जमा हो गए और घरों के आसपास पहुंचने लगे। बंदरों की इतनी बड़ी संख्या देखकर कॉलोनीवासी घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। काफी देर तक स्थानीय लोग आपने-अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए।

खेत मालिक पर करंट छोड़ने का आरोप

कॉलोनीवासियों ने खेत मालिक पर खेत में लगे कटीले तारों में करंट छोड़ने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कथित रूप से करंट आने के कारण बंदरों और कुत्ते की जान चली गई। हालांकि, मामले में आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, राहुल उपाध्याय ने इस मामले में हाथरस गेट थाने में शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच और तथ्यों के सत्यापन के बाद स्पष्ट होगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खेत के तारों में करंट कैसे आया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page