हाथरस (मुरसान) 16 अक्टूबर । नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक को बरेली बुलाने, बंधक बनाकर काम कराने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मुरसान क्षेत्र के नगला धर्मा निवासी अजय प्रताप सिंह ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने, अपनी बकाया मजदूरी दिलाने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
अजय प्रताप सिंह का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले उसके पास भरत नाम के व्यक्ति का फोन आया था। उसने बरेली स्थित एक कंपनी में दवाओं के हिसाब-किताब और अन्य कार्यों के लिए नौकरी देने की बात कही थी। इसके लिए 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने का आश्वासन दिया गया था। पिता के कैंसर से पीड़ित होने और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपनी मां सावित्री देवी के साथ बरेली पहुंच गया।
आरोप है कि वहां अंबे एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड में जगदीश कुशवाह, भरत और नागेंद्र उर्फ अंकुश निवासीगढ़ नौहझील बाजना मथुरा ने रहने और खाने-पीने के नाम पर 22 नवंबर 2025 को उससे 24 हजार रुपये जमा करा लिए। इसके बाद उसे अपने अधीन काम करने के लिए मजबूर किया गया। अजय का आरोप है कि उससे दूसरे युवकों को फोन कर नौकरी का लालच देकर बुलाने का काम कराया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। उसे करीब 10 माह तक अपने पास रखकर काम कराया गया, लेकिन वेतन नहीं दिया गया। उससे प्रतिदिन 50 से 100 लोगों के लिए खाना बनवाने का काम भी कराया जाता था। किसी तरह वहां से निकलकर वह अपने घर पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद उस पर मोबाइल और रुपये चोरी करने का आरोप लगाया गया व उसे और उसके परिवार को धमकाया गया। अजय ने आरोपियों पर करीब दो लाख रुपये की मजदूरी बकाया होने का दावा करते हुए पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई, बकाया रकम दिलाने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।






