Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 21 अगस्त। थाना हसायन क्षेत्र में पुरदिलनगर रोड स्थित नगला उदैया के निकट गुरुवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला दूधिया मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, इन्द्रनगर सिकतरा निवासी पूरन सिंह प्रजापति पुत्र श्रीपाल सिंह प्रजापति प्रतिदिन की तरह सिकन्दराराऊ में मजदूरी करने गया था। गुरुवार रात करीब 9 बजे मजदूरी समाप्त करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही पूरन सिंह पुरदिलनगर रोड स्थित नगला उदैया के निकट पहुंचा, तभी हसायन की ओर से आ रहे एक दूधिया ने उसकी बाइक में तेज टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरन सिंह सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला दूधिया घायल को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े पूरन सिंह पर पड़ी। राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद पूरन सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page