मिड-डे मील के मेन्यू की उड़ी धज्जियां, हसायन के चार परिषदीय स्कूलों में रोटी-सब्जी की जगह बांटी तहरी

सिकन्दराराऊ (हसायन) 31 अगस्त। शासन द्वारा निर्धारित मिड-डे मील के मेन्यू के अनुसार भोजन वितरित नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। हसायन कस्बे के चार परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को छात्र-छात्राओं को निर्धारित रोटी-सब्जी के बजाय तहरी और केला वितरित किया गया। मामला वार्ड संख्या तीन स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, वार्ड नंबर छह मोहल्ला अहीरान स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक, वार्ड नंबर चार मोहल्ला अहीरान-किलाखेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर दो तथा वार्ड नंबर पांच के बांण अब्दुलहईपुर मार्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर तीन का है। बताया गया कि इन विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के तहत बाबा नीम करौली एनजीओ, दयानतपुर की ओर से वैन के माध्यम से भोजन भेजा जाता है। सोमवार को जब रसोइयों ने भोजन के बर्तन खोले तो निर्धारित रोटी-सब्जी के स्थान पर तहरी और फल के रूप में केला मिला। रसोइयों ने इसकी जानकारी तत्काल संबंधित प्रधानाध्यापकों को दी। उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह, प्राथमिक विद्यालय नंबर एक के प्रधानाध्यापक दीपक शर्मा, प्राथमिक विद्यालय नंबर दो के प्रधानाध्यापक रवेंद्र पाल सिंह और प्राथमिक विद्यालय नंबर तीन के प्रधानाध्यापक सौरभ पाराशर ने बताया कि एनजीओ की ओर से निर्धारित मेन्यू के विपरीत तहरी भेजी गई थी। प्रधानाध्यापकों के अनुसार मामले की रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। वहीं बाबा नीम करौली एनजीओ दयानतपुर के सुपरवाइजर दिनेश ने बताया कि मशीन खराब होने के कारण निर्धारित भोजन तैयार नहीं हो सका, जिसके चलते चारों विद्यालयों में तहरी भेजी गई। प्रधानाध्यापकों के अनुसार एनजीओ के सुपरवाइजर ने भी मशीन खराब होने की वजह से रोटी-सब्जी नहीं बन पाने की बात कही। विद्यालयों में वितरित भोजन और फल के रूप में केला दिए जाने की जानकारी रजिस्टर में भी दर्ज की गई। मामले ने परिषदीय विद्यालयों में निर्धारित मीनू के अनुसार मिड-डे मील वितरण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







