Hamara Hathras

Latest News

भाजपा प्रदेश मंत्री व प्रदेश मीडिया प्रभारी : यतेंद्र शर्मा

लखनऊ/हाथरस  31 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी ने अपने महत्वाकांक्षी ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने अभियान के तहत विभिन्न सांगठनिक कार्यक्रमों के लिए संयोजकों और सह-संयोजकों की जिम्मेदारियां तय करते हुए वरिष्ठ एवं सक्रिय पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे हैं। अभियान के सबसे अहम कार्यक्रम ‘सपनों का भारत’ की प्रदेश स्तर पर कमान भाजपा के प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा को सौंपी गई है। वहीं, पार्टी की तेज तर्रार प्रदेश मंत्री आकांक्षा सोनकर को कार्यक्रम का प्रदेश सह-संयोजक बनाया गया है। सरकार की ओर से क़द्दावर मंत्री जयवीर सिंह इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

जेन-जी को ‘नए भारत’ के विजन से जोड़ने की तैयारी

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के विजन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। अभियान के जरिए खास तौर पर युवाओं और जेन-जी वर्ग को सरकार की नीतियों और भविष्य के भारत की परिकल्पना से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। जयवीर सिंह, यतेंद्र शर्मा और आकांक्षा सोनकर की तिकड़ी प्रदेशभर में इस अभियान को जमीन तक पहुंचाने की रणनीति पर काम करेगी। खासतौर पर स्कूल और युवा वर्ग अभियान के केंद्र में रहेंगे।

पंचायत स्तर से प्रदेश स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं

‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं की शुरुआत पंचायत स्तर से होगी और प्रतिभागियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए प्रदेश स्तर तक मंच उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को भारत के विकास, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों से परिचित कराया जाएगा।

विजेताओं को मुख्यमंत्री योगी देंगे सम्मान

अभियान की सबसे खास कड़ी यह होगी कि विभिन्न स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे न केवल विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने की कोशिश होगी, बल्कि उन्हें सरकार के विकास और जनकल्याण के एजेंडे से सीधे जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। भाजपा के इस अभियान को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ-साथ युवा पीढ़ी तक पहुंच बनाने की एक बड़ी पहल के तौर पर देखा जा रहा है। ‘सपनों का भारत’ के जरिए पार्टी अब स्कूलों और युवाओं के बीच अपने विचार, नीतियों और ‘नए भारत’ के विजन को नए तरीके से पहुंचाने की तैयारी में है।

सभी कार्यक्रमों के लिए मंत्री और पदाधिकारी तय

अभियान के तहत अन्य कार्यक्रमों के लिए भी सरकार की ओर से मंत्री प्रभारी तथा संगठन की ओर से संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। ‘आशीर्वाद दीया’ कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर, संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा और सह-संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय हैं। ‘नमो सेवा गाथा’ में मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, संयोजक प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे हैं। ‘आंगन उत्सव’ में मंत्री संदीप सिंह, संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका रावत और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री सुहासिनी जायसवाल हैं। ‘कहानी बदलाव की’ में मंत्री गिरीश चंद्र यादव, संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री संचिता सिंह चौहान हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ में मंत्री ब्रजेश सिंह, संयोजक प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री रजनी पांडे हैं। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में मंत्री जसवंत सिंह सैनी, संयोजक प्रदेश मंत्री अनिल यादव और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री किरण लोढ़ी निषाद हैं। ‘बनारस से वाराणसी’ कार्यक्रम में मंत्री सोमेंद्र तोमर, संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कोली और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव हैं। ‘सेवा मेरा योगदान’ में मंत्री दयाशंकर सिंह, संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री विजय राजभर हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ में मंत्री जे.पी.एस. राठौर, संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री राकेश बिंद हैं। ‘रंगोली राष्ट्र’ में मंत्री असीम अरुण, संयोजक प्रदेश मंत्री महामेधा नागर और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी हैं। ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में मंत्री धर्मवीर प्रजापति, संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री सहजानंद राय हैं। वहीं ‘जन सेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट’ में मंत्री बलदेव सिंह औलख, संयोजक प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह और सह-संयोजक प्रदेश मंत्री प्रवेंद्र जांगड़ा हैं। अभियान की प्रदेश स्तर पर समग्र जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश अभियान संयोजक राजेश चौधरी के नेतृत्व में संचालित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page