
अलीगढ़ 17 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट एंड कॉमर्स द्वारा विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान बीबीए और बी.कॉम द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने अमूल प्लांट (बसेरा डेयरी) का भ्रमण कर डेयरी उद्योग की बारीकियों को समझा। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर से कुलसचिव ब्रिगेडियर समरवीर सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा, डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डेयरी उद्योग की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण से रूबरू कराना था। डेयरी प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को दूध के संग्रहण से लेकर प्रसंस्करण, अत्याधुनिक पैकेजिंग और वितरण नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से देखा कि कैसे आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर उत्पादों को बाजार के लिए तैयार किया जाता है। विभाग के डीन प्रो. राजीव शर्मा और विभागाध्यक्ष प्रो. सिद्धार्थ जैन ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए डा. शालू अग्रवाल व डा. सुजीत महापात्रा उपस्थित रहे। आयोजन में डा. नियति शर्मा व डा. उन्नति जादौन का सहयोग रहा। विद्यार्थियों का कहना था कि इस भ्रमण से उन्हें सैद्धांतिक विषयों को समझने में काफी मदद मिली है।


























