
अलीगढ़ 17 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय में “जनरेटिव एआई फाउंडेशन एंड प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। यह कार्यशाला ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल व डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लीकेशंस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। जिसमें विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आधुनिक स्वरूप और उसके उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी कौशल के साथ एआई की समझ अत्यंत आवश्यक हो गई है, जो विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है। मुख्य अतिथि स्किलगोरिथ्म के संस्थापक एवं जनरेटिव एआई कोच निशांत भारद्वाज ने कहा कि आज के दौर में प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग नवाचार की नई भाषा बन चुकी है और जो इसे समझेगा, वही भविष्य को दिशा देगा। उन्होंने बताया कि एआई केवल तकनीक नहीं, बल्कि रचनात्मकता और सोच को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. किशन पाल सिंह ने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा में एआई का ज्ञान समय की मांग है। कार्यक्रम के अंत में अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। राहुल शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ। इस अवसर पर प्रो. प्रमोद कुमार, प्रो. मनोज वार्ष्णेय, डॉ. लव मित्तल, डा. विपिन कुमार, अंकुर श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। संचालन छात्रा अंशिका जैन एवं चारु गुप्ता ने किया।


























