Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 जून । हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में 80 वर्षीय महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पड़ोस में रहने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पुलिस के अनुसार वृद्ध महिला लंबे समय से एक किराये के मकान में अकेले रह रही हैं। सोमवार सुबह वह घायल अवस्था में मिलीं। उनके कपड़ों पर खून के निशान पाए गए और वह काफी घबराई हुई थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में महिला ने पुलिस को बताया कि रात के समय पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपित युवक विवाहित है और एक बच्चे का पिता है। मामले की जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके। घटना के बाद मोहल्ले में चिंता और आक्रोश का माहौल है। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने बताया कि महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद का पहलू भी सामने आया है, जिसकी पुष्टि के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि चिकित्सकीय रिपोर्ट, साक्ष्यों और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page