
हाथरस 02 जून । जिला अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर आज हाथरस में जनाक्रोश खुलकर सामने आ गया। भारतीय किसान यूनियन भानू, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, व्यापार मंडल सहित करीब एक दर्जन सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सीएमओ कार्यालय के सामने पुल के नीचे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी नहीं होने के बावजूद मरीजों को समय पर और समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह से बदहाल हो चुकी हैं और यह अब उपचार केंद्र के बजाय रेफर सेंटर बनकर रह गई है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार मामूली चोट, कटने-फटने, पेट दर्द अथवा अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भी तत्काल अलीगढ़, आगरा एवं अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार समय पर उपचार न मिलने के कारण गंभीर परिणाम भी सामने आते हैं। आंदोलनकारियों ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार, इमरजेंसी सेवाओं को प्रभावी बनाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की जवाबदेही तय करने तथा हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। धरने में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और डॉक्टरों की उदासीनता के कारण कई मरीजों की जान जा चुकी है। हाल ही में एक वरिष्ठ पत्रकार की पत्नी की मृत्यु का मामला भी लोगों के आक्रोश का प्रमुख कारण बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। आंदोलनकारियों द्वारा स्वास्थ्य विभाग की ‘बुद्धि शुद्धि’ के लिए हवन-यज्ञ भी किया जा रहा है। वहीं जिले के नागरिकों की निगाहें अब जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। धरने को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101


























