Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जुलाई । अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को डायल-112 की पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (पीआरवी) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चलती वैन का अचानक पहिया निकल जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में वैन में सवार तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को डायल-112 पर किसी घटना की सूचना मिलने के बाद पीआरवी मौके के लिए रवाना हुई थी। अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगला भुस के निकट पहुंचते ही वाहन का अचानक एक पहिया निकल गया। इसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पीआरवी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पीआरवी में सवार पुलिसकर्मी सोनिया पाठक, स्वदेश यादव और अरविंद कुमार घायल हो गए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त पीआरवी से तीनों घायलों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसा वाहन में आई तकनीकी खराबी के कारण होना प्रतीत हो रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायल पुलिसकर्मियों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page