Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 सितम्बर। सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस सादगी, उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति दिल खोलकर शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए उनके प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता प्रकट की। विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों और शुभकामनाओं ने पूरे विद्यालय में एक आत्मीय वातावरण बना दिया। कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री वी.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को एक अच्छा पात्र बनने का प्रयास करना चाहिए, जिसमें सीखने और नई बातों को ग्रहण करने की क्षमता सदैव बनी रहे। विद्यालय के डायरेक्टर श्री दिनेश सेकसरिया ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए शिक्षक की भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अपने जन्मदिवस को स्वयं तक सीमित न रखकर उसे शिक्षकों के सम्मान के लिए समर्पित किया, जो शिक्षक के प्रति समाज के सम्मान को दर्शाता है।

विद्यालय के सचिव श्री गौरांग सेकसरिया ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक का कार्य केवल पाठ पढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे की क्षमता को पहचानकर उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि हर बच्चा अलग होता है, इसलिए उसकी कमियाँ खोजने के बजाय उसकी जिज्ञासा और प्रश्न करने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना तथा उसे सीखने के लिए प्रेरित करना शिक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बबीता सेठ ने विद्यार्थियों में निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और जिज्ञासा विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी के भीतर learner बने रहने की भावना और नई चीजों को जानने की curiosity हमेशा जीवित रहनी चाहिए। शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच सम्मान, स्नेह और सीखने के संबंध को और मजबूत करने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page