
हाथरस 05 सितम्बर। बारिश के बाद जिले में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में इगलास क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बच्ची की जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई है। बच्ची को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच रिपोर्ट में मलेरिया पॉजिटिव आने के बाद उसे अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर इलाज किया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि बच्ची को तीन दिन तक भर्ती रखकर उपचार किया गया। उपचार के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ और उसे स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। हालिया स्वास्थ्य विभागीय रिपोर्टों के मुताबिक जिले में अब तक एक डेंगू और छह मलेरिया पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही बुखार से पीड़ित मरीजों की डेंगू और मलेरिया की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से मच्छरों के प्रजनन वाले स्थानों पर निगरानी और बचाव के उपायों पर भी जोर दिया जा रहा है। बारिश के बाद जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ गया है। हाल के दिनों में हाथरस में बारिश भी हुई है और मौसम विभाग ने जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया था। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई रखने और लगातार बुखार होने पर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की है।









