
हाथरस 21 जुलाई । कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि बुधवार रात्रि लगभग 9 बजे दिल्ली जाने के दौरान उन्हें बालापट्टी स्थित हनुमान चौकी पर पुलिस प्रशासन ने बैरियर लगाकर रोक दिया। उनका कहना है कि इसके बाद उन्हें चौकी के अंदर बैठाकर रोक कर रखा गया। विवेक उपाध्याय ने कहा कि उन्हें रोके जाने के संबंध में न तो कोई लिखित आदेश दिखाया गया और न ही कोई नोटिस या स्पष्ट वैधानिक कारण बताया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज़ को दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्र रूप से आने-जाने तथा शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक गतिविधियों में भाग लेने का अधिकार देता है। यदि बिना किसी वैधानिक आधार के किसी राजनीतिक कार्यकर्ता को रोका जाता है तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ता न डरेंगे और न ही जनता के मुद्दे उठाना बंद करेंगे। हालांकि, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।








