
सासनी 01 जून । कस्बा सासनी की बिजलीघर कॉलोनी में एक परिवार ने देर रात घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजलीघर कॉलोनी निवासी महेंद्रिया देवी ने आरोप लगाया कि घटना से पहले उनके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद रात करीब 12 से 1 बजे के बीच 14-15 लोग कथित रूप से असलहों के साथ उनके घर पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि हमलावरों ने कई राउंड फायर किए, जिनमें कुछ गोलियां मुख्य दरवाजे एवं मकान के ऊपरी हिस्से में लगीं। आरोप है कि कुछ गोलियां दरवाजों को भेदते हुए घर के अंदर तक पहुंच गईं, जिससे परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों ने कमरों में छिपकर और जमीन पर लेटकर अपनी जान बचाई। महेंद्रिया देवी ने आरोप लगाया कि हमले में कॉलोनी के ही कुछ नामजद लोग अपने अन्य अज्ञात साथियों के साथ शामिल थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
























