
हाथरस 19 जुलाई। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हीरा में बिजली निगम द्वारा ट्यूबवेलों के बिजली कनेक्शन काटे जाने से किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। सिंचाई ठप होने के कारण गांव की करीब 500 बीघा धान की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई। इससे नाराज किसानों ने आज चंदपा विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे बिजली निगम के कर्मचारियों ने गांव के लगभग 50 किसानों के ट्यूबवेल कनेक्शन काट दिए। इसके बाद खेतों की सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो गई। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और धूप के चलते धान की फसल सूखने लगी, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। रविवार को बड़ी संख्या में किसान चंदपा बिजलीघर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों और बिजली निगम के कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के कनेक्शन काटे जाने से उनकी फसल बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गई है। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया तथा शाम तक सभी ट्यूबवेल कनेक्शन जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय पर बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हुई और कनेक्शन बहाल नहीं किए गए, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। किसानों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर फसल को बचाने की मांग की।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









