
हाथरस (मुरसान) 19 जुलाई। थाना क्षेत्र के गांव बंका में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने जेठ पर मारपीट करने, हाथ काटकर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बंका निवासी राजेश पत्नी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति रोजगार के सिलसिले में तमिलनाडु में रहते हैं और वह बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। पीड़िता के अनुसार 12 जुलाई की शाम किसी बात को लेकर उनकी जिठानी मंजू पत्नी सुंदर सिंह से कहासुनी हो गई। इसी दौरान उनके जेठ सुंदर सिंह मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट करने लगे। महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान सुंदर सिंह ने उनकी दोनों भुजाओं पर कोहनी के ऊपर दांत से काट लिया, जिससे वह घायल हो गईं। शोर सुनकर उनके श्वसुर ठकुरी सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्हें आता देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने 18 जुलाई को थाना मुरसान में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








