सासनी 27 मई । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जामा मस्जिद के निकट बुधवार शाम एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना प्रकाश एकेडमी स्कूल के पास की बताई जा रही है। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 6:30 बजे अलीगढ़ की ओर से एक क्षतिग्रस्त कार को दूसरा वाहन खींचकर हाथरस की ओर ला रहा था। इसी दौरान अचानक अज्ञात कारणों से कार में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। चलती कार में आग लगने से राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की भारी भीड़ जमा होने के कारण यातायात बाधित हो गया। घटना के बाद कार को खींचकर ला रहा वाहन चालक अपनी गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने पुलिस के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Next News :-सादाबाद : मलबे में दबकर राजमिस्त्री और मजदूर की मौत
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















