Hamara Hathras

Latest News

सासनी 27 मई । कस्बे के निकट गांव रुदायन में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मकान की छत पर काम कर रहे मिस्त्री की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि आक्रोशित परिजनों ने रास्ते में हंगामा भी किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार गांव रुदायन निवासी 50 वर्षीय हाकीम पुत्र वीरपाल पेशे से मिस्त्री थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह गांव में ही एक मकान की छत पर गटर एवं पत्थर पटाव का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही हाई टेंशन विद्युत लाइन से उनका हाथ छू गया। करंट का तेज झटका लगने से वह छत से नीचे जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग घायल हाकीम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव को लेकर वापस गांव पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली से कोतवाली की ओर जाने लगे। रास्ते में पुलिस द्वारा वाहन रोके जाने पर परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान परिजनों को लगा कि हाकीम की सांसें चल रही हैं, जिसके बाद उन्हें दोबारा सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सीपीआर एवं ऑक्सीजन देकर प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर विद्युत विभाग के एक्सईएन अभिनव तिवारी एवं एसडीओ आशीष रत्न भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। मृतक अपने पीछे चार बेटियां और दो बेटे छोड़ गया है। मृतक की पत्नी हेमा दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था और वे अपनी मां के आने तक पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़े थे। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर परिजन मान गए और पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page