Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ 01 सितम्बर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET 2026 के आवेदन से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 1 सितंबर 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 7 सितंबर 2026 कर दिया गया है। आयोग ने यह जानकारी 1 सितंबर 2026 को जारी शुद्धि-पत्र के माध्यम से दी है। UPSSSC की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार PET-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू हुई थी। अब अभ्यर्थी 7 सितंबर 2026 तक पंजीकरण कराने के साथ निर्धारित शुल्क जमा कर ऑनलाइन आवेदन पत्र भी सबमिट कर सकेंगे। वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही अपना आवेदन कर दिया है, उन्हें आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन के लिए 8 सितंबर 2026 तक का समय दिया गया है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि तारीखों में बदलाव के अलावा PET-2026 से संबंधित अन्य नियमों, पात्रता, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे संशोधित समय-सीमा का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा कर लें। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें, क्योंकि अंतिम समय में वेबसाइट पर तकनीकी समस्या या अधिक लोड के कारण परेशानी हो सकती है। वहीं, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें अपने फॉर्म में दर्ज नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, श्रेणी और अन्य विवरण को दोबारा जांच लेना चाहिए। किसी जानकारी में गलती होने पर आयोग द्वारा निर्धारित अवधि के भीतर यानी 8 सितंबर तक संशोधन किया जा सकेगा। आवेदन प्रक्रिया के दौरान वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतों की शिकायतें भी सामने आई थीं और कई अभ्यर्थियों ने अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की थी। अब आयोग के इस फैसले से ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page