Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 21 अगस्त। थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव नरहरपुर दोस्तपुर में शिकायत वापस न लेने को लेकर युवक और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित कौशल कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कौशल कुमार के अनुसार, 19 अगस्त की सुबह वह अपने घर पर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही सचिन, भूपेंद्र, राजा और गजेंद्र एक राय होकर उसके घर के गेट पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि जब कौशल ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उससे कहा कि उसने उनके खिलाफ थाना छाता, मथुरा में प्रार्थना पत्र दिया है और उसे वापस ले ले। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने शिकायत वापस लेने से इनकार किया तो आरोपितों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान भूपेंद्र ने सरिया से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कौशल की चीख-पुकार सुनकर मुन्नी पत्नी मुन्ना लाल और लक्ष्मी पत्नी कालीचरन उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर राजपाल, खच्चेर सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कराया। पीड़ित के अनुसार, ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना के संबंध में कौशल कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page