मथुरा 21 सितम्बर। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आरएटीएम), मथुरा में एमबीए और एमसीए प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने जोरदार स्वागत किया। संस्थान में आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ‘नवागमन-2026’ में गीत-संगीत, नृत्य, नाटक और हास्य प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। फ्रेशर्स पार्टी में नवागंतुक छात्र-छात्राओं को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने की सीख दी गई। कार्यक्रम में रंग-बिरंगे परिधानों में सजे विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागत साथियों के स्वागत में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। करीब चार घंटे चले कार्यक्रम में गीत-संगीत और नृत्य के साथ हास्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। विद्यार्थियों की तालियों और उत्साह से पूरा परिसर उल्लास से भर उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच आपसी सौहार्द्र और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था। नवागत विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का आनंद लेते हुए अपने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत को यादगार बनाया।
आर.के. एज्यूकेशन हब के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फ्रेशर्स पार्टी के आनंद के बाद अब उन्हें आगामी सेमेस्टर की परीक्षाओं की तैयारी में पूरी गंभीरता और लगन के साथ जुट जाना चाहिए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के सपनों और अपेक्षाओं को सदैव ध्यान में रखना चाहिए। माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उन्हें संस्थान में भेजते हैं। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है कि वह मेहनत, समर्पण और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करे। संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि व्यावसायिक जीवन में सफलता के लिए अनुशासन बेहद महत्वपूर्ण है। अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के बल पर बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। डॉ. सक्सेना ने कहा कि आत्म-अनुशासन अपनाने वाला युवा अपने लक्ष्य की दिशा में आधी दूरी तय कर लेता है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और आपसी सौहार्द्र के वातावरण में हुआ। ‘नवागमन-2026’ नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए नए शैक्षणिक सफर की यादगार शुरुआत साबित हुआ।










