हाथरस (मुरसान) 24 मई | कोतवाली क्षेत्र के गांव खोकिया में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता पूनम की मौत हो गई। मामले में मायके पक्ष ने पति समेत पांच ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मृतका के भाई कन्हैया निवासी गांव लुटसान, सासनी ने बताया कि उसकी बहन पूनम की शादी करीब 12 वर्ष पहले गांव खोकिया निवासी भूपेंद्र के साथ हुई थी। शादी में परिवार ने लगभग 10 लाख रुपये खर्च कर घरेलू सामान सहित दान-दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद से पति भूपेंद्र, ससुर महेंद्र सिंह और अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये तथा बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मायके पक्ष का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पूनम को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कन्हैया के अनुसार करीब दो वर्ष पहले पूनम ने परिवार को बताया था कि उसके पति के किसी अन्य महिला से संबंध हैं और वह दूसरी शादी करना चाहता है। इस बात को लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। उस समय परिवार और गांव के लोगों ने समझौता कर मामला शांत कराया था। मायके पक्ष का आरोप है कि 23 मई की रात पति भूपेंद्र, ससुर महेंद्र सिंह और भूपेंद्र के एक दोस्त ने मिलकर पूनम को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर जब परिजन गांव खोकिया पहुंचे तो घर पर ताला लगा मिला और ससुराल पक्ष के लोग फरार थे। बाद में पुलिस से जानकारी मिली कि पूनम का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। वहीं, मृतका के पति भूपेंद्र ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि वह वाहन चालक है और बाहर रहकर काम करता है। इन दिनों वह पत्नी और बेटी के साथ गांव में रह रहा था। उसके अनुसार शनिवार रात दोनों ने साथ बैठकर भोजन किया था, जिसके बाद वह दूसरे कमरे में सोने चला गया। देर रात पत्नी की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Next News :-भाजपा ने घोषित किए MLC चुनाव के प्रत्याशी, आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को टिकट
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















