Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 24 मई | क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सादाबाद क्षेत्र के गांव मन्स्या निवासी युवक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने किशोरी और मुख्य आरोपी युवक को बरामद कर लिया है। पीड़ित पिता के अनुसार उनकी बेटी की उम्र करीब 16 वर्ष है। मोबाइल कॉल डिटेल के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि गांव मन्स्या निवासी कृष्णा नाई उनकी बेटी से बातचीत करता था। आरोप है कि 21 मई की रात करीब एक से दो बजे के बीच कृष्णा उनकी बेटी को शादी करने के उद्देश्य से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पिता ने आरोप लगाया कि कृष्णा की मौसी नीलम और बहन ने भी किशोरी को ले जाने में सहयोग किया। अगले दिन जब वह गांव मन्स्या पहुंचे तो पता चला कि कृष्णा की बहन भी नोएडा जाने की बात कहकर घर से चली गई थी। आरोप है कि पूछताछ के दौरान नीलम ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि बाद में उन्होंने कृष्णा के चाचा राजकुमार, पंछी उर्फ नारायण सिंह और उनकी पत्नी मीरा से भी जानकारी ली, लेकिन इन लोगों ने भी अभद्रता करते हुए दोनों की शादी कराने की बात कही। कुछ समय बाद आरोपी पक्ष के लोग किशोरी और कृष्णा को लेकर पीड़ित के पास पहुंचे, जिसके बाद वह दोनों को लेकर मुरसान कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page