
अलीगढ़ 30 अप्रैल । मंगलायतन विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-7 द्वारा “युवा संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के दौरान परीक्षा के समय तनाव प्रबंधन, समय का सही उपयोग, प्रेरित रहने के उपाय, कक्षा एवं छात्रावास में स्वच्छ और स्वास्थ्यकर वातावरण बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों को माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा सरकारी एवं विश्वविद्यालय की संपत्ति का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीष राव अंबेडकर ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। डॉ. विवेक कुमार ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है, जबकि वार्डन संजय ने अनुशासन, स्वच्छता और जिम्मेदारी के साथ जीवन जीने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों और मादक द्रव्यों से दूर रहने का संदेश भी दिया गया, जिससे वे एक स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
























