सादाबाद 15 जून। आगरा में आयोजित विजन इंडिया कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्थानीय नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर सादाबाद क्षेत्र से संभावित सपा प्रत्याशी चौधरी सत्यवीर सिकरवार और पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेंद्र यादव ने अखिलेश यादव को ‘उम्मीद की साइकिल’ भेंट की।
चौधरी सत्यवीर सिकरवार ने कहा कि सादाबाद की जनता समाजवादी विचारधारा से जुड़ी है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पार्टी पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। सिकरवार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प व्यक्त किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेंद्र यादव ने बताया कि ‘उम्मीद की साइकिल’ केवल एक उपहार नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की उम्मीदों और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पैठ बनाने के लिए निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्हें संगठन को मजबूत बनाने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में क्षेत्र में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
























