हाथरस 13 सितम्बर । हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव जलालपुर में दहेज की मांग को लेकर दो जुड़वा बहनों को कथित रूप से प्रताड़ित कर ससुराल से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित बहनों के पिता ने महिला थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पिता के अनुसार उनकी जुड़वा बेटियों की शादी 13 फरवरी 2025 को मथुरा के थाना राया क्षेत्र के गांव सोनई निवासी दो सगे भाइयों रंजीत और आकाश पुत्र प्रहलाद के साथ हुई थी। शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च कर दोनों दामादों को आभूषण और अन्य सामान दिया गया था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग इससे संतुष्ट नहीं हुए और शादी के दिन ही एक और बाइक की मांग करने लगे। बदनामी के डर से पिता ने बाद में बाइक देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोनों बेटियों की विदाई हुई।
आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद से ही दोनों बहनों को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और उनके साथ मारपीट की गई। पिता ने रिश्तेदारों के साथ ससुराल पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद कथित उत्पीड़न जारी रहा। पीड़ित पिता का आरोप है कि 31 मई 2026 को ससुर प्रहलाद ने बड़ी बेटी गंगा का हाथ पकड़कर उसके साथ अश्लील हरकत की और उसे कमरे में खींचने का प्रयास किया। बेटी के चीखने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर पति रंजीत, आकाश, सास राजेश्वरी, ननद रानी और मैना तथा प्रहलाद ने दोनों बहनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि दोनों बहनों को मारपीट के बाद गांव के बाहर छोड़ दिया गया। साथ ही धमकी दी गई कि यदि एक और बाइक नहीं दी गई तो दोनों को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित पिता के अनुसार, उस समय दोनों बेटियां गर्भवती थीं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।






