Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/ सादाबाद 13 सितम्बर । सादाबाद कस्बे की एक कॉलोनी निवासी सरकारी महिला शिक्षिका ने पिता-पुत्र पर उसकी निजी तस्वीरें चोरी कर प्रसारित करने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना सादाबाद में तहरीर देकर दोनों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।पीड़िता के अनुसार, आरोपित पिता जो अधिवक्ता हैं, ने 18 अगस्त 2026 को अपने मोबाइल नंबर से एक ग्रुप में पोस्ट किया था कि सादाबाद की एक महिला शिक्षिका ने उनके बेटे के मोबाइल पर नग्न अश्लील फोटो भेजे हैं। पोस्ट में यह भी कहा गया था कि उक्त फोटो न्यायालय में दाखिल किए जा चुके हैं और मुख्यमंत्री तथा शिक्षा विभाग को कार्रवाई के लिए भेजे जाएंगे। पीड़िता भी उस ग्रुप से जुड़ी थी, जिसके कारण उसे इस पोस्ट की जानकारी हुई।

शिक्षिका का कहना है कि उसने न्यायालय से उक्त तस्वीरों की प्रमाणित नकल प्राप्त की। इसके बाद उसे पता चला कि तस्वीरें उसके घर के बाथरूम की हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पिता-पुत्र ने आपराधिक साजिश के तहत उसकी अनुमति के बिना गैरकानूनी तरीके से उसकी निजी तस्वीरें हासिल कीं और उनका इस्तेमाल उसे बदनाम करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए किया। पीड़िता का आरोप है कि पहले से दर्ज मुकदमों में समझौता कराने, जबरन मामले वापस लेने और धन ऐंठने के उद्देश्य से उसकी निजता का उल्लंघन किया गया। उसने कहा कि निजी तस्वीरों को प्रसारित कर उसकी सामाजिक छवि खराब करने और मानहानि करने का प्रयास किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ कथित पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट, निजता के उल्लंघन और ब्लैकमेलिंग से संबंधित धाराओं में पिता-पुत्र के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page