
हाथरस 28 अक्टूबर। आनंद टॉकीज के सामने मंगलवार रात शराब पी रहे युवकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने की बात सामने आई। कुछ लोगों ने फायरिंग का भी आरोप लगाया, हालांकि पुलिस ने फायरिंग होने से इनकार किया है। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ अभद्रता, मोबाइल तोड़ने और वर्दी फाड़ने के आरोप में कर्र मोहल्ला निवासी साहिल को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया कि मंगलवार रात कुछ युवक टॉकीज के सामने शराब पी रहे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा शांत कराने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी वीडियो बनाने लगा तो आरोप है कि साहिल ने उसके साथ अभद्रता की। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया और हाथापाई के दौरान उसकी वर्दी भी फाड़ दी। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। घटना में शामिल अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने साहिल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और मोबाइल तोड़ने के संबंध में कार्रवाई की है। वहीं, इंस्पेक्टर क्राइम नदीम असगर ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने फायरिंग की बात को गलत बताया और कहा कि साहिल को गिरफ्तार कर शांति भंग के आरोप में चालान किया गया है।








