Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 15 जून। क्षेत्र के गांव गढ़ी भगता में राष्ट्रीय पक्षी मोर घायल अवस्था में मिला। गांव के एक किसान ने मानवता दिखाते हुए उसे बचाया और वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मोर का उपचार कराकर उसे निगरानी में रखा गया है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बलजीत सिंह ने अपने घर के बाहर घायल मोर को तड़पते देखा। उन्होंने तुरंत मोर को सुरक्षित उठाकर अपने घर में रखा और उसे पानी पिलाकर प्राथमिक देखभाल की। इसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, जिसमें वन दरोगा गंभीर सिंह शामिल थे, गांव पहुंची। उन्होंने किसान बलजीत सिंह से घायल मोर को अपनी सुपुर्दगी में लिया। मोर को तुरंत राजकीय पशु चिकित्सालय, बिसावर ले जाया गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार किया गया। वन विभाग के अनुसार, उपचार के बाद मोर के पैर में चोट पाई गई है। फिलहाल उसे वन विभाग कार्यालय, सादाबाद में सुरक्षित रखा गया है, जहां उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। रेंजर पारुल गर्ग ने बताया कि मोर को विभाग की नर्सरी में देखभाल के लिए रखा गया है। कर्मचारियों को उसके खान-पान, उपचार और नियमित निगरानी के सख्त निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page