Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 जुलाई। क्षेत्र से सैकड़ों युवा शिवभक्त श्रावण मास के पहले आज डाक कांवड़ लेकर अपने शिवधामों की ओर रवाना हुए। ये शिवभक्त रविवार शाम हरिद्वार, सोरों और अन्य गंगा घाटों से गंगाजल लेने निकले थे। देर रात और सोमवार तड़के गंगाजल लेकर लौटने के बाद वे बिना रुके अपने निर्धारित शिव मंदिरों की ओर तेजी से बढ़े। गंगा घाटों से लौटने के बाद सादाबाद-आगरा राजमार्ग, जलेसर, मथुरा, राया, जैतई और कुरसंडा माई मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर डाक कांवड़ियों का प्रवाह जारी रहा। भगवा वस्त्र धारण किए युवा शिवभक्त हाथों में गंगाजल लिए ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष करते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग पर शिवभक्ति का उत्साह और आस्था का वातावरण बना रहा। डाक कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और निर्बाध संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कांवड़ियों के गुजरने के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात को अस्थायी रूप से रोका गया, जिससे उन्हें बिना किसी बाधा के आगे बढ़ने का रास्ता मिल सके। संवेदनशील चौराहों और प्रमुख तिराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और लगातार निगरानी रखी जा रही थी। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उनके लिए पेयजल, शरबत और फलों की व्यवस्था भी की गई थी। प्रशासन की सतर्कता और श्रद्धालुओं के अनुशासित व्यवहार के कारण डाक कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। सोमवार सुबह से क्षेत्र के प्राचीन शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page