
हाथरस 19 सितम्बर। सितंबर माह में अधिक से अधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण कराने के उद्देश्य से विद्युत निगम ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। आदेश के तहत रविवार 20 सितंबर को भी खंड एवं उपखंड कार्यालयों के साथ-साथ सभी राजस्व संग्रह केंद्र प्रतिदिन की तरह खुले रहेंगे। जारी आदेश में कहा गया है कि निगम हित में सितंबर माह के दौरान राजस्व वसूली बढ़ाने तथा लंबित कार्यों का समय से निस्तारण किया जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 20 सितंबर, रविवार को संबंधित कार्यालयों एवं सभी राजस्व संग्रह केंद्रों को सामान्य कार्यदिवस की भांति संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था के तहत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालयों में उपस्थित रहकर राजस्व वसूली से जुड़े कार्यों के साथ लंबित प्रकरणों के निस्तारण की कार्रवाई करेंगे। विद्युत निगम की ओर से जारी आदेश का उद्देश्य निर्धारित कार्यों को समय से पूरा करने के साथ राजस्व संग्रह की प्रक्रिया को गति देना है।








