Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 जुलाई। बाईपास मार्ग स्थित प्राचीन बैजनाथ धाम मंदिर में श्रावण मास के पहले आज आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और दिन चढ़ने के साथ दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। जलाभिषेक के दौरान भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प, फल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। हरिद्वार, राजघाट और सोरों सहित विभिन्न गंगा घाटों से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों ने भी बैजनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कंधों पर कांवड़ लिए शिवभक्त भक्ति गीतों और जयकारों के साथ मंदिर पहुंचे। श्रावण के पहले सोमवार को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। दर्शन के लिए सुव्यवस्थित कतारों की व्यवस्था की गई थी, और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहा। महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और भक्त पूरी श्रद्धा व उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में लीन रहे। श्रावण के पहले सोमवार पर बैजनाथ धाम में उमड़ी इस भीड़ ने क्षेत्र की शिवभक्ति और धार्मिक आस्था को प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page