Hamara Hathras

Latest News

आगरा 25 जुलाई । शारदा वर्ल्ड स्कूल, कीठम में सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद गठन एवं अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के एचओएस सत्याकी बनर्जी ने मुख्य अतिथि एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। छात्र भव्य जैन एवं सांची अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया, जबकि छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ लघु नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

समारोह में नवनिर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों को बैज, सैश एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अनिरुद्ध सिंह को हेड बॉय, गौरी चौधरी को हेड गर्ल, कुशल अग्रवाल को जूनियर हेड बॉय, आराध्या अग्रवाल को जूनियर हेड गर्ल, ज्ञानांचल को वाइस हेड बॉय तथा अयाना अरोड़ा को वाइस हेड गर्ल नियुक्त किया गया। इसके अलावा सांस्कृतिक, खेल, अनुशासन, स्टूडेंट वेलफेयर, लिटरेसी एवं पंचमहाभूत पद्धति के अंतर्गत विभिन्न हाउसों के कैप्टन और प्रीफेक्ट भी नियुक्त किए गए। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।

मुख्य अतिथि एसीपी इमरान अहमद ने विद्यार्थियों को अनुशासनप्रिय, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ बनने के लिए प्रेरित करते हुए सोशल मीडिया के उपयोग में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। विद्यालय की उपप्रधानाचार्या नीता रानी ने भी विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। नवनियुक्त हेड बॉय अनिरुद्ध सिंह एवं हेड गर्ल गौरी चौधरी ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समर्पण भाव से अपने दायित्व निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शारदा ग्रुप के सीईओ प्रशांत गुप्ता ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page