
हाथरस/सिकन्दराराऊ 23 नवंबर। बिलार के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए गुरुग्राम से निकला परिवार रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद नगला करसाब समेत आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग गुरुग्राम से सिकंदराराऊ क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। बताया गया है कि भीड़ अधिक होने के कारण दो बसें छूट जाने के बाद परिवार के लोगों को मजबूरी में ऑटो का सहारा लेना पड़ा। ऑटो चालक उन्हें अलीगढ़ तक लेकर आया था। वहां से परिवार के लोग सिकंदराराऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिलार के पास तेज रफ्तार बस और टेंपो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मुस्तकीम की पत्नी छोटी, रहीस की पत्नी मोटी, सबीना और उसके करीब आठ वर्षीय बेटे फहाद की मौत हो गई। दुर्घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों का अस्पताल व गांव पहुंचना शुरू हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना में शामिल बस की पहचान कर ली है। पुलिस ने बस मालिक का भी पता लगा लिया है। बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। बताया गया है कि बस और उसका मालिक अलीगढ़ जिले के ग्राम गोपी के रहने वाले हैं। पुलिस बस चालक और मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इसके साथ ही हादसे के कारणों, बस की रफ्तार और चालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे में चार लोगों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।










