Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 सितम्बर। विद्युत विभाग की राजस्व वसूली एवं बिजली चोरी रोकथाम अभियान के तहत चेकिंग करने पहुंची टीम के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान टीम ने एक घर में पोल से सीधे जा रही केबल की आपूर्ति को लेकर संबंधित दस्तावेज और रसीद मांगी तो गृहस्वामी भड़क गया और विद्युत विभाग के एक कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में 33/11 केवी उपकेंद्र वाजिदपुर के अवर अभियंता प्रवीण कुमार ने थाना सिकंदराराऊ में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है। अवर अभियंता प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 18 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे वह विद्युत विभाग की टीम के सदस्य राजू खान, इसहाक मोहम्मद, महेश और किशनप्रताप के साथ गांव खिजरपुर में बिजली चेकिंग कर रहे थे। टीम जब भुवनेश चौहान के घर पहुंची तो जांच के दौरान पाया गया कि विद्युत पोल से एक केबल सीधे घर में आपूर्ति के लिए जा रही थी। टीम ने जब इस संबंध में संबंधित रसीद और आवश्यक दस्तावेज दिखाने के लिए कहा तो आरोप है कि भुवनेश चौहान आगबबूला हो गया।

तहरीर के मुताबिक आरोपी ने टीम के सदस्य किशनप्रताप के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। अचानक हुए विवाद और कथित हमले से मौके पर मौजूद विद्युत विभाग की टीम में भय का माहौल बन गया। घटना के चलते विभागीय कर्मचारियों को सरकारी कार्य करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता प्रवीण कुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि चेकिंग अभियान के दौरान सरकारी कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल अभद्रता है, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला भी है। उन्होंने थाना सिकंदराराऊ में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page