
सिकन्दराराऊ 19 सितम्बर। सिकन्दराराऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा 14 सितंबर की सुबह इंटर कॉलेज में पढ़ाई के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने और रिश्तेदारों से संपर्क करने के बाद भी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में छात्रा के परिजन ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 14 सितंबर की सुबह रोजाना की तरह इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए घर से निकली थी। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। परिजनों ने छात्रा की सहेलियों, परिचितों और रिश्तेदारों से जानकारी करने के साथ ही संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कहीं उसका पता नहीं चल सका। काफी प्रयास के बाद भी छात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजन कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर छात्रा की तलाश कराने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस छात्रा के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ उसकी तलाश में जुटी है।








