Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 03 जून । क्षेत्र के गांव मानिकपुर में ढकपुरा रोड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के सामने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। कथा के दौरान आचार्य डॉ. जितेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण से जुड़ा देवकी एवं वसुदेव विवाह प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति का संदेश दिया। कथावाचन करते हुए आचार्य ने बताया कि मथुरा के राजा कंस की चचेरी बहन देवकी का विवाह वसुदेव के साथ संपन्न हुआ था। विवाह उपरांत जब कंस स्वयं रथ चलाकर देवकी और वसुदेव को विदा करने जा रहा था, तभी आकाशवाणी हुई कि देवकी का आठवां पुत्र ही कंस का वध करेगा। आकाशवाणी सुनते ही कंस भयभीत हो गया और उसने देवकी तथा वसुदेव को कारागार में बंद कर दिया। आचार्य ने बताया कि भगवान की लीला और धर्म की स्थापना के लिए श्रीकृष्ण का अवतार हुआ तथा अंततः कंस का अत्याचार समाप्त हुआ। उन्होंने कहा कि अधर्म चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न दिखाई दे, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की बाल एवं दिव्य लीलाओं का श्रवण कर भावविभोर हो उठे। कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और श्रद्धा भाव से कथा का रसपान किया। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के आगामी दिनों में भी भगवान श्रीकृष्ण एवं अन्य पौराणिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जिसके लिए क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page