
सिकन्दराराऊ (हसायन) 21 अगस्त। थाना क्षेत्र में कॉलेज के बाहर शराब पीने से मना करने पर दबंगों द्वारा शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित मानपाल सिंह निवासी निजामतपुर ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। मानपाल सिंह के अनुसार, घटना 14 अगस्त की शाम की है। वह श्रीमती लौंगश्री देवी कॉलेज ऑफ लॉ, नगला आल में मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कॉलेज के बाहर कुछ लोग शराब पी रहे हैं। उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित ने आरोपितों की पहचान भानु प्रताप निवासी जैतपुर, सुशील कुमार निवासी छत्तरपुर, कान्हा निवासी मोहब्बतपुरा और राधे कुमार निवासी टौंड के रूप में बताई है। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर चारों ने एकजुट होकर मानपाल सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनके चचिया ससुर प्रेमचंद्र निवासी नगला आल उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मानपाल सिंह ने मामले की शिकायत हसायन थाने में की। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









